अमात जागरण चिंतन शिविर में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक संकल्प
अररिया 15 सितम्बर(हि.स.)। फारबिसगंज के हंसकोषा धमदाहा में आयोजित अमात जागरण चिंतन शिविर में भारत एवं नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व ओमप्रकाश राय उर्फ जोगी बाबा ने किया, जबकि अध्यक्षता अधिवक्ता सुधीर कुमार राय ने की। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
शिविर में अमात समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान पर गंभीर मंथन करते हुए मृत्यु भोज समाप्त करने, नशामुक्त समाज बनाने और दहेज प्रथा के खिलाफ सामूहिक संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति शिक्षा, संस्कार और आपसी सहयोग से ही संभव है। प्रत्येक परिवार अपने बच्चों को शिक्षित बनाए और समाज के लोग एक-दूसरे के सुख-दुःख में सहयोग करें।
इस अवसर पर बेनीपुर के जेल अधीक्षक वीरेंद्र कुमार राय ने आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभावान छात्रों को गोद लेकर उनकी उच्च शिक्षा में हरसंभव सहयोग करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी प्रतिभावान बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए।
कार्यक्रम के नेतृत्वकर्ता ओमप्रकाश राय उर्फ जोगी बाबा ने प्रखंड से पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने और राज्य स्तर पर प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत अपने घर से करनी होगी।
शिविर में मुंगेर विश्वविद्यालय के कुल सचिव घनश्याम राय,फारबिसगंज विधायक मनोज बिश्वास, रामकुमार राय, उमानंद राय, हीरानंद राय, चंद्रकला राय, गिरानंद भगत, अशोक बिश्वास,भानू प्रकाश राय, बिरेन्द्र राय, दिलीप राय, अनंत राय, शंकर बिश्वास समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर