जदिया में पंखा ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आया युवक, मौत
सुपौल, 24 अगस्त (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पूर्वी वार्ड नंबर-9 में सोमवार सुबह बिजली का करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक होगेंद्र यादव के पुत्र नीतीश कुमार है। घटना के बाद परिजन में कोहराम मच गया, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है।
परिजन के अनुसार, सोमवार सुबह घर में लगा पंखा खराब हो गया था। नीतीश कुमार पंखे को ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान अचानक पंखे में बिजली का करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से नीतीश गंभीर रूप से झुलस गया और जमीन पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. उमेश कुमार मंडल ने उसकी जांच की। जांच के बाद चिकित्सक ने नीतीश कुमार को मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सक ने बताया कि बिजली के करंट से झुलसे एक युवक को अस्पताल लाया गया था। मेडिकल जांच के दौरान उसे मृत पाया गया। नीतीश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र