ताराकोल डैम में मिला अज्ञात युवती का शव, नहीं हो सकी पहचान
नवादा, 15 जून (हि.स.)। नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र स्थित ताराकोल डैम में सोमवार को बरामद हुई एक अज्ञात युवती के शव की पहचान समाचार प्रेषण तक नहीं हो सकी है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में कौआकोल थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के लिए उसे सुरक्षित रखा गया है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ-साथ विभिन्न माध्यमों से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती की मौत हत्या के कारण हुई है या आत्महत्या की वजह से।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शव की पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन