जनता दरबार में कई मामलों का हुआ निष्पादन

 


बेतिया, 23 मई (हि.स.)। बेतिया पुलिस जिला के नौतन थाना परिसर में शनिवार को आयोजित अंचलाधिकारी का जनता दरबार लोगों के लिए काफी राहत भरा साबित हुआ। जनता दरबार में भूमि विवाद, आपसी बंटवारा, रास्ता विवाद तथा अन्य राजस्व संबंधी दर्जनों मामलों की सुनवाई की गई, जिसमें कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। लंबित मामलों के समाधान होने से लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।

जनता दरबार में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि पहले छोटे-छोटे विवादों के समाधान के लिए उन्हें बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता था, लेकिन अब थाना परिसर में ही अधिकारियों की मौजूदगी से त्वरित न्याय मिल रहा है। अंचलाधिकारी अलका कुमारी ने सभी पक्षों की बात गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष तरीके से मामलों का निपटारा किया।

इस दौरान थाना प्रशासन और राजस्व कर्मियों की भी सक्रिय भूमिका देखने को मिली। जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने अंचलाधिकारी अलका कुमारी की कार्यशैली की जमकर सराहना की।

ग्रामीणों ने कहा कि उनकी संवेदनशीलता और तत्परता के कारण आम लोगों को काफी सहूलियत मिल रही है। जनता दरबार के सफल आयोजन से क्षेत्र में खुशी की लहर देखी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक