16 वर्षों की सेवा के बाद भी संविदा की मार, अब आर-पार के मूड में आईटी कर्मी
भागलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। बिहार राज्य आईटी कर्मी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले गुरुवार को भागलपुर जिला समाहरणालय परिसर में आईटी कर्मियों की एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भागलपुर के जिला आईटी प्रबंधक ने की। इसमें बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी के अंतर्गत राज्य के विभिन्न विभागों में कार्यरत आईटी प्रबंधक, आईटी सहायक और कार्यपालक सहायकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से संविदा पर कार्यरत कर्मियों को एकजुट कर उनके भविष्य और सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रणनीति तैयार करना था।
बैठक के दौरान कर्मियों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग 16 वर्षों तक निरंतर और समर्पित सेवा देने के बावजूद उन्हें आज भी संविदा व्यवस्था के तहत काम करना पड़ रहा है। लंबे समय से सेवा देने के बाद भी स्थायीकरण और सेवा सुरक्षा जैसे बुनियादी सवाल आज भी अनसुलझे हैं। सभी कर्मियों ने एक स्वर में मोर्चा के माध्यम से अपनी मांगों को मजबूती से उठाने और राज्य स्तर पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
बैठक में भविष्य की रणनीति को लेकर तीन प्रमुख एजेंडों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आंदोलन को धार देने के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति का गठन करना। आगामी आंदोलन की पृष्ठभूमि और उसके स्वरूप का ठोस प्रस्ताव तैयार करना और आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन और उनमें सभी कर्मियों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय व्यवस्था बनाना। इस बैठक में बीईएएसए के जिला अध्यक्ष कुणाल मिश्रा, बीआईटीएसए के जिला अध्यक्ष रवि रंजन कुमार और आईटी प्रबंधक पूनम कुमारी सहित बड़ी संख्या में आईटी कर्मी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर