भागलपुर में बढ़ेगा निवेश, इंडस्ट्रियल हब के साथ आईटी और एजुकेशन सिटी बनाने की तैयारी

 


भागलपुर, 18 जून (हि.स.)।

बिहार में सरकारी और निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए मेगा प्रोजेक्ट को लेकर मुख्य सचिव ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ बैठक की।

इस बैठक में भागलपुर के विकास से जुड़ी कई योजनाओं पर चर्चा हुई। भागलपुर के डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि गंगा नदी पर बनने वाले बटेश्वर-कटरिया रेल पुल के लिए जमीन अधिग्रहण से जुड़ा मामला बैठक में रखा गया।

इसके अलावा गोराडीह क्षेत्र में बनने वाले इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को लेकर भी चर्चा की गई। डीएम ने कहा कि भागलपुर धीरे-धीरे इंडस्ट्रियल हब के रूप में विकसित हो रहा है। आने वाले समय में यहां इंडस्ट्रियल यूनिट के साथ-साथ एजुकेशन सिटी और आईटी हब विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।

भागलपुर की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए रेल पुल, एक्सप्रेस वे और फोरलेन सड़क परियोजनाओं पर भी सरकार का ध्यान है। इससे जिले में निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वहीं पिछले दिनों बिहार सरकार के आईटी मंत्री सह भागलपुर के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्र की समीक्षा बैठक में भी भागलपुर को एजुकेशन सिटी और आईटी सिटी के रूप में विकसित करने को लेकर चर्चा हुई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर