समदा में अवैध सीमेंट भंडारण मामले की जांच तेज, 13 टन से अधिक सीमेंट लैब भेजेगी पुलिस

 


किशनगंज, 22 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के समदा गांव में अवैध रूप से सीमेंट के भंडारण और खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। छापेमारी के दौरान बरामद 13 टन से अधिक विभिन्न ब्रांड के सीमेंट की गुणवत्ता और प्रामाणिकता की जांच के लिए अब नमूनों को लैब भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने छापेमारी के दौरान विभिन्न नामी कंपनियों के 13 टन से अधिक सीमेंट के अलावा एक ट्रेक्टर-डल्ला तथा सीमेंट भरने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए बरामद सीमेंट के नमूनों को सुरक्षित रखा गया है। साथ ही संबंधित सीमेंट कंपनियों को पत्र भेजकर सीमेंट की गुणवत्ता और उसकी प्रामाणिकता की जांच कराने का अनुरोध किया गया है। इसके अलावा कारोबार से जुड़े वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजों की जांच के लिए जीएसटी विभाग को भी सूचना दी गई है। बुधवार को एसडीपीओ-वन खुसरू सिराज ने बताया कि सीमेंट के नमूनों को वैज्ञानिक जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सीमेंट असली है या उसमें किसी प्रकार की मिलावट अथवा अन्य अनियमितता की गई है। उन्होंने कहा कि जांच के सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम किया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में अवैध भंडारण, संग्रहण और खरीद-बिक्री से जुड़े आरोपों को लेकर समीम अख्तर और गोदाम के मकान मालिक रफीक आलम के खिलाफ संबंधित धाराओं में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है। गौरतलब है कि सोमवार की रात करीब 10 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि समदा गांव स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में सीमेंट का भंडारण कर उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है।

सूचना के आधार पर एसडीपीओ-वन खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर गोदाम की तलाशी ली, जहां से विभिन्न कंपनियों का 13 टन से अधिक सीमेंट और अन्य उपकरण बरामद किए गए। बरामद सामग्री को जब्त कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब लैब रिपोर्ट और अन्य एजेंसियों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह