आठ वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद एसएसबी के स्वान 'क्यूटी' को दी गई भावभीनी विदाई

 




सुपौल, 24 जुलाई (हि.स.)। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर में शुक्रवार को एक भावनात्मक समारोह आयोजित कर आठ वर्षों तक उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवा देने वाली प्रशिक्षित स्वान क्यूटी को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

अपने सेवाकाल के दौरान स्वान क्यूटी ने वाहिनी के कई महत्वपूर्ण सुरक्षा, परिचालन एवं खोजी अभियानों में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उसकी निष्ठा, दक्षता और साहस को याद करते हुए वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उसे भावभीनी विदाई दी तथा उसके स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की।

समारोह में 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने सेवानिवृत्ति के उपरांत निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्वान क्यूटी को सुपौल जिले के बेलही गांव निवासी रविशंकर प्रसाद को विधिवत गोद सौंपा।

इस अवसर पर कमांडेंट ने कहा कि क्यूटी ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यों से वाहिनी की कार्यकुशलता को मजबूत किया तथा वह हमेशा एसएसबी परिवार का अभिन्न हिस्सा रहेगी।

इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा, उप कमांडेंट हरजीत राव, उप कमांडेंट सुमन सौरभ, पशु चिकित्सक डॉ. सूर्य प्रताप सिंह, किसान भूषण पुरस्कार से सम्मानित भिखारी मेहता, मीडिया प्रतिनिधियों सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

समारोह के अंत में सभी अधिकारियों और जवानों ने स्वान क्यूटी को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उसके उज्ज्वल, सुरक्षित एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र