नशे में धुत युवक गिरफ्तार, विदेशी शराब व एक लाख नकद बरामद
किशनगंज, 17 मई (हि.स.)। जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में देर रात गश्ती के दौरान पुलिस ने नशे की हालत में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक के पास से विदेशी शराब की बोतल, बिना नंबर की केटीएम मोटरसाइकिल, एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई है।
गिरफ्तार युवक की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के ग्वालपोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर निवासी फराज, पिता जाकिर अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पोठिया थाना अध्यक्ष अंजय अमन के निर्देश पर पुलिस टीम क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रही थी।
इसी दौरान चरखाकाटी आमबागान के समीप एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोककर पूछताछ और जांच किए जाने पर युवक अत्यधिक नशे की हालत में पाया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 180 एमएल की एक बोतल विदेशी शराब, 1 लाख 1 हजार 765 रुपये नकद तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके अलावा मौके से एक केटीएम मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिस पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था।
पुलिस बरामद नकदी और बाइक के संबंध में भी जांच में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में पोठिया थाना के सब-इंस्पेक्टर अखिलेश सिंह एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। थाना अध्यक्ष अंजय अमन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार युवक के विरुद्ध मद्यनिषेध अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह