जोगबनी में अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर का बैरियर गिराकर दुकानदारों ने किया प्रदर्शन

 




अररिया 02 जुलाई(हि.स.)। बिहार में अररिया जिले के भारत -नेपाल सीमा पार नेपाल रानी बाजार के सैकड़ों दुकानदारों ने गुरुवार को जोगबनी स्थित भारत-नेपाल मुख्य बॉर्डर के बैरियर को गिराकर एक घंटे तक प्रदर्शन किया।

अचानक रानी बाजार के दुकानदारों का समूह बॉर्डर पर पहुंचकर बैरियर को गिरा दिया और नेपाल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस प्रदर्शन के कारण एक घंटे तक बॉर्डर पर अफरातफरी का माहौल रहा।फलस्वरूप दोनों साइड वाहनों की लंबी काफिला जमा हो गई और दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई।

प्रदर्शन कर रहे रानी बाजार के दुकानदारों को पहले तो नेपाल पुलिस ने समझाने बुझाने का प्रयास किया,लेकिन भीड़ हटने का नाम नहीं ले रही थी।जिसके बाद नेपाल पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया,जिसके बाद प्रदर्शनकारी दुकानदार वहां से हटे और फिर से आवाजाही बॉर्डर पर शुरू हो पाई।

दरअसल सीमा पार रानी बाजार जाने वाले सड़क पर बैरियर लगाकर बड़े और छोटे वाहनों के आवाजाही पर रोक लगी हुई ही थी लेकिन गुरुवार को नेपाल पुलिस ने जंजीर और तार लगाकर आवाजाही को बिल्कुल रोक दिया।जिसको लेकर स्थानीय दुकानदार आक्रोशित हो गए और आक्रोश स्वरूप प्रदर्शन किया।

दुकानदारों के प्रदर्शन के बाद नेपाल प्रशासन ने रानी बाजार जाने वाले सड़क मार्ग को खोलने का आदेश दिया।जिसके बाद जंजीर और तार को खोलकर हटाया गया।इस दौरान सीमा पर दोनों ओर ट्रक,बस कार और दो पहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्रदर्शन कर रहे स्थानीय दुकानदारों का कहना था कि बैरियर के साथ ही सड़क पर जंजीर लगा देने के कारण लोगों की आवाजाही बिल्कुल बंद हो गया।जिससे उनलोगों के समक्ष रोजी रोटी की समस्या पैदा हो गई।लोगों की आवाजाही नहीं होने पर उसके व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने लगा।फलस्वरूप उनलोगों को दुकानों को बंद कर प्रदर्शन को मजबूर होना पड़ा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर