सारण में मठिया चौक पर चलाया गया सघन वाहन जांच अभियान
सारण, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार सारण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर एक के कुशल नेतृत्व में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मठिया चौक पर एक वृहद वाहन जांच अभियान चलाया गया। विशेष अभियान के दौरान पुलिस बल द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की बारीकी से तलाशी ली गई। जांच के क्रम में वाहन चालकों के लाइसेंस, बीमा और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहन सत्यापन किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने न केवल वाहनों की चेकिंग की बल्कि आम नागरिकों और चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाना और आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार