एकीकृत कृषि प्रणाली किसानों की आय बढ़ाने में प्रभावी : राधामोहन

 


पूर्वी चंपारण,01 मार्च (हि.स.)। कृषि विज्ञान केंद्र पीपराकोठी स्थित सभागार में रविवार को समेकित कृषि प्रणाली मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन विषय को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, विधायक प्रमोद कुमार, विधायक कृष्णनंदन पासवान, विधायक सचिन्द्र प्र.सिंह, केविके प्रमुख डा अरविन्द कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि पिछले वर्षों में किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने के लिए सरकार ने डीबीटी प्रणाली लागू की है, जिससे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा जैसी योजनाओं की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि अब बिचौलियों की भूमिका कम हुई है और पारदर्शिता बढ़ी है। उन्होंने बताया कि देश के करोड़ों किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रतिवर्ष 6000 रुपये की सहायता दी जा रही है तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को सुरक्षा प्रदान की जा रही है। इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड और अन्य योजनाओं से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

राधामोहन सिंह ने कहा कि राष्ट्रवादी सोच से प्रेरित राजनीति ही देश और समाज का भला कर सकती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले गरीब किसानों, गांवों की सड़कों और आवास जैसी बुनियादी जरूरतों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन अब योजनाओं के माध्यम से गांव-गांव तक विकास पहुंचा है।

उन्होंने प्राकृतिक खेती और टिकाऊ कृषि पर जोर देते हुए परंपरागत कृषि विकास योजना के तहत जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए समय-समय पर मिट्टी की जांच आवश्यक है। साथ ही उन्होंने एकीकृत कृषि प्रणाली को किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए पशुपालन, मत्स्य पालन, बागवानी और फसल उत्पादन को एक साथ अपनाने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए किसानों की समृद्धि और पारदर्शी व्यवस्था बेहद जरूरी है। अंत में उन्होंने किसानों से जागरूक होकर नई तकनीकों को अपनाने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की।

मौके पर मुख्य रूप से विधायक प्रमोद कुमार, कृष्णनंदन पासवान, श्यामबाबू प्रसाद यादव, सचिन्द्र प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक सुनीलमणि तिवारी, उपमेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, राजेन्द्र गुप्ता, पवन राज, जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार