कांवड़िया पथ पर पथ निर्माण मंत्री ने किया सेवा शिविर का निरीक्षण, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश
भागलपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।
पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार ने मंगलवार को भागलपुर-सुलतानगंज कांवड़िया पथ के नोनसर में पथ निर्माण विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क सेवा शिविर (जर्मन हैंगर) का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां ठहरे कांवड़ियों से बातचीत कर मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। मंत्री ने मौके पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि देवघर जाने वाले शिवभक्तों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में एक माह तक चलने वाले इस विश्व प्रसिद्ध मेले के लिए पथ निर्माण विभाग द्वारा पहली बार इस तरह के भव्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया है।
उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले सभी शिवभक्तों के लिए इस शिविर में चाय, पानी, शरबत, फल और प्रसाद की बिल्कुल निःशुल्क व्यवस्था की गई है। इस सेवा शिविर का मुख्य उद्देश्य कांवड़ियों की यात्रा को सुगम और आरामदायक बनाना है, जिसके लिए विभाग की ओर से यह एक छोटा सा प्रयास किया गया है।इस निरीक्षण के दौरान मंत्री के साथ सांसद प्रतिनिधि पवन केसान, भाजपा महामंत्री अभिषेक कुमार, सौपलिन झा, कुमार मंगलम सहित दर्जनों एनडीए कार्यकर्ता और स्थानीय पदाधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर