पथ निर्माण मंत्री ने श्रावणी मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण, अधिकारियों के साथ की बैठक

 


भागलपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ धाम गुरुवार को बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार पहुंचे। इस दौरान पथ निर्माण मंत्री ने मसदी पंचायत स्थित डाक बंगला निरीक्षण भवन में पुल निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ श्रावणी मेला से जुड़े कार्य की प्रगति पर समीक्षा बैठक की।

समीक्षा बैठक में पथ निर्माण मंत्री ने सभी विभाग के अधिकारियों एवं वार्ड पार्षदों के साथ बैठक करते हुए मेला क्षेत्र में हो रही समस्याओं पर विचार विमर्श किया। साथ ही पथ निर्माण मंत्री ने मारवाड़ी युवा मंच में स्थानीय लोगों एवं प्रबुद्ध नागरिकों के साथ मेला की प्रगति पर विचार विर्मश करते हुए श्रावणी मेला क्षेत्र अजगैविनाथ गंगा घाट, नमामि गंगा घाट, कच्ची कांवड़िया पथ का निरीक्षण कर जायजा भी लिया। इस दौरान मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि श्रावणी मेला में कांवड़ियों की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों, पार्षदों, प्रबुद्ध नागरिकों से सुझाव लिये गये हैं।

सभी अधिकारियों को श्रावणी मेला से पुर्व 22 जुलाई तक सभी कार्य पूर्ण कर लेने का डेट लाइन दिया गया है। कांवड़ियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगे हुए हैं। इस दौरान मंत्री ने कहा कि फोरलेन पर सड़क में दरार उद्घाटन से पूर्व हुआ है, तो उसे दुरुस्त करने के लिए विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। इस दौरान विधायक प्रोफेसर ललित नारायण मंडल, एसडीओ धनंजय कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद, जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह आदि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर