राघोपुर बांध पर कटाव का जायजा लेने पहुंचे प्रधान सचिव, जल प्रबंधन सचिव, डीएम और एसपी, युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी

 


भागलपुर, 03 सितंबर (हि.स.)।

जिले के नवगछिया अनुमंडल के राघोपुर बांध क्षेत्र में लगातार हो रहे भीषण कटाव और उससे उत्पन्न गंभीर स्थिति का जायजा लेने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव और जल संसाधन विभाग के सचिव ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ प्रभावित क्षेत्र का सघन दौरा किया।

उच्चाधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर कटाव की भयावहता, बांध की वर्तमान मजबूती और मौके पर चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्यों का बारीक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रधान सचिव और जल प्रबंधन सचिव ने संबंधित विभाग के अभियंतों और पदाधिकारियों से कटाव की मौजूदा स्थिति और अब तक किए गए निरोधी कार्यों की बिंदुवार जानकारी ली।

अधिकारियों ने बांध को सुरक्षित रखने और आगे किसी भी प्रकार की क्षति को रोकने के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कटाव निरोधी कार्य युद्धस्तर पर जारी है और इसे जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

सिंचाई और आपदा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात मौके पर डटे हुए हैं। अधिकारियों ने कहा, हमारी प्राथमिकता यह है कि अब तक जो क्षति हुई है, उसके आगे एक इंच भी नुकसान न होने पाए। प्रशासनिक अमले ने बताया कि बांध के क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अत्यधिक संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और स्थिति की गंभीरता के अनुसार बचाव कार्य की गति बढ़ाई जा रही है।

मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और तकनीकी टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि आम जनता की सुरक्षा सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति या जलस्तर में अचानक वृद्धि से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और तैयार है। राघोपुर बांध क्षेत्र में प्रशासन और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम लगातार कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का दावा है कि आपसी समन्वय से काम करते हुए बांध को जल्द से जल्द पूरी तरह सुरक्षित कर कटाव के खतरे को नियंत्रित कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर