बिहपुर में सामुदायिक भवन और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण, विकास कार्यों को गति देने का निर्देश
भागलपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ईं शैलेंद्र ने शनिवार को बिहपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने बिहपुर-जमालपुर पंचायत के वार्ड संख्या-9 में बन रहे सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। मंत्री ने कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की गहन समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सामुदायिक भवन का जायजा लेने के बाद मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय, मंडल टोला का भी औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने विद्यालय परिसर के सौंदर्यीकरण और छात्रों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं का अवलोकन किया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूल में बेहतर आधारभूत सुविधाएं बहाल की जाएं, ताकि विद्यार्थियों के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुखद शैक्षणिक वातावरण विकसित हो सके।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेहतर सामुदायिक सुविधाएं और सुदृढ़ शिक्षा व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और विकास कार्यों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर