आला अधिकारियों ने किया कलबलिया बांध का निरीक्षण, राहत कार्य तेज करने के निर्देश
भागलपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति और कलबलिया बांध की सुरक्षा का जायजा लेने शनिवार को प्रशासनिक और पुलिस महकमे के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। भागलपुर के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार, जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय एवं नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने संयुक्त रूप से कलबलिया बांध का गहन निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बांध की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और स्थिति पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान वरीय अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही प्रभावित लोगों तक राहत और बचाव कार्यों को पहुंचाने में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। नवगछिया एसपी वैभव शर्मा बाढ़ की स्थिति को लेकर लगातार तत्परता और सक्रियता बरत रहे हैं। वे खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर लगातार स्थिति का जायजा ले रहे हैं। मौके पर की जा रही प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सुरक्षा उपायों की एसपी द्वारा खुद लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। प्रशासन का पूरा अमला मुस्तैद है और बांध की सुरक्षा के साथ-साथ पीड़ितों की मदद के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर