छठ पर्व को लेकर अलर्ट मोड में रेलवे: डीआरएम ने लिया भागलपुर रेलवे स्टेशन का जायजा
भागलपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। महापर्व छठ के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार ने भागलपुर रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने छठ पर घर आने वाले और पर्व के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों के लिए की जा रही विशेष व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन परिसर में बनाए गए होल्डिंग एरिया यात्रियों के ठहरने की सुविधा, और प्रवेश और निकास द्वारों की व्यवस्था का जायजा लिया।
डीआरएम ने स्टेशन पर आरपीएफ की तैनाती और सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भीड़ नियंत्रण और यात्री सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए डीआरएम मनीष कुमार ने कहा कि छठ महापर्व को लेकर स्टेशन पर तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। उन्होंने बताया, हम मुख्य रूप से बनाए गए होल्डिंग एरिया, आरपीएफ की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यदि कहीं कोई कमी या कार्य शेष रह गया हो, तो उसे समय रहते पूरा कर लिया जाए ताकि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान भागलपुर स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी, वाणिज्य विभाग के प्रतिनिधि और आरपीएफ के जवान मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर