एडीआरएम ने भागलपुर स्टेशन का किया निरीक्षण
भागलपुर, 03 जून (हि.स.)। मालदा डीविजन के एडीआरएम रफीक अहमद अंसारी ने बुधवार को भागलपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
इस दौरान एडीआरएम ने स्टेशन परिसर में प्रस्तावित स्थायी होल्डिंग एरिया के निर्माण स्थल का जायजा लिया और रेल अधिकारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में बनने वाले नए होल्डिंग एरिया का अवलोकन किया।
उन्होंने अधिकारियों से होल्डिंग एरिया की सीमा और निर्माण की रूपरेखा की जानकारी ली। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की।
एडीआरएम ने रेलवे पार्सल घर का भी निरीक्षण किया, जहां पार्सल सामग्री की माप और जांच के बाद उसे ट्रेनों में लोड किया जाता है। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर रखे पार्सल सामान को व्यवस्थित ढंग से रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने बंद पड़े लगेज स्कैनर का भी जायजा लिया और उसे जल्द दुरुस्त कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
इस मौके पर सीएमआई चेकिंग, आरपीएफ इंस्पेक्टर समेत कई रेल अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर