नरकटिया- नन्हकार गंगा जमींदारी तटबंध पर चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्य का किया निरीक्षण

 


भागलपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विस क्षेत्र के विधायक ई शैलेंद्र ने रविवार को नरकटिया- नन्हकार गंगा जमींदारी तटबंध पर चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विभाग के जेई कविरंजन कुमार, मंतोश कुमार तथा कार्य संवेदक राजीव उर्फ नूनू चौधरी से निर्माण कार्य की प्रगति, तकनीकी पहलुओं एवं सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, गति एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि बाढ़ के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।

मंत्री ई शैलेंद्र ने कहा कि क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है। राज्य सरकार लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तटबंधों को मजबूत बनाने एवं फ्लड फाइटिंग कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इससे पूर्व तटबंध पहुंचने पर पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि नूनू चौधरी ने मंत्री ई शैलेंद्र का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। इधर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मुन्नी राय, सत्यप्रकाश सिंह, नीतेश चौधरी, कन्हैया झा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर