बेली ब्रिज निर्माण कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण

 


भागलपुर, 26 मई (हि.स.)। क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु पर 5 जून से वाहनों की आवाजाही शुरू करने के लिए बॉर्डर रोड ऑग्रेनाइजेशन की टीम ने पूरी ताकत झोंक दी है। विक्रमशिला सेतु पर बन रहे दूसरे बेली ब्रिज की भी लॉन्चिंग पूरी कर ली गई है।

भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी अधिकारियों के साथ मंगलवार को विक्रमशिला सेतु पर पहुंचे और पुल मरम्मत में लगे कर्मियों और अधिकारियों को जल्द से जल्द यातायात सुचारु ढंग से कायम हो सके इसको लेकर दिशा निर्देश दिया। वहीं बीआरओ के अधीक्षण अभियंता बिपिन कुमार चंद ने बताया कि पहले उनके पास 80 मैन पावर थे। लेकिन आज और एक्स्ट्रा टीम बुलाई गयी है। तीसरा बेली ब्रिज का निर्माण कार्य भी समय से पूरा कर लिया जाएगा।

साथ ही साथ अधीक्षण अभियंता ने बताया कि गंगा नदी में गिरे 34 मीटर वाले स्लैब की जगह बनाया गया बेली ब्रिज 100 टन वजन का है। दूसरा बेली ब्रिज जो 12 मीटर का है। वह 20 से 22 टन का है। वहीं तीसरा बेली ब्रिज जो 24 मीटर का होगा वह 45 से 60 टन वजनी होगा।

वहीं डीएम ने बताया की यात्रा सुचारु ढंग से चालू होने के बाद छोटी गाड़ियां ही चलेगी। बेली ब्रिज पर वन वे रहेगा और एक बार एक ही तरफ से गाड़ियां चलेगी। जिसके लिए ब्रिज के दोनों ओर बैरियर लगाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर