सुपौल में ‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की समीक्षा, शत-प्रतिशत जांच पर जोर
सुपौल, 08 सितंबर (हि.स.)। जिला स्वास्थ्य समिति, सुपौल के जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की समीक्षा की।
बैठक में जिले के सभी अस्पताल प्रबंधक, स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक, प्रखंड मूल्यांकन सह अनुश्रवण सहायक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान प्रखंडवार अभियान की प्रगति एवं उपलब्धियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अभियान के तहत होने वाली सभी निर्धारित जांच को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।
इस दौरान सीओपीडी, गैर-अल्कोहलिक फैटी लिवर रोग, मुख कैंसर, स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को लक्षित आबादी तक पहुंचकर अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह भी कहा गया कि माननीय एवं प्रशासनिक व्यक्तियों वाले क्षेत्रों में भी शत-प्रतिशत जांच एवं स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान के निर्धारित लक्ष्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
स्वास्थ्य संस्थानों में जांच एवं उपचार से संबंधित आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। सभी संस्थानों में जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने तथा उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
अभियान की दैनिक प्रगति की जानकारी राज्य स्तर पर उपलब्ध कराए गए पोर्टल पर दर्ज करने के संबंध में भी अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिदिन की रिपोर्ट समय पर पोर्टल पर दर्ज करने को कहा गया, ताकि अभियान की प्रगति की नियमित निगरानी की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र