सेवा संकल्प अभियान के तहत नवाचार को नई दिशा, युवाओं की प्रतिभा से स्थानीय समस्याओं का होगा समाधान : संजय सरावगी
पटना, 19 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाया जा रहा ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा, सुशासन, विकास और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का अभियान है।
इसी क्रम में आज पटना तारामंडल से ‘श्यामा प्रसाद मुखर्जी कार रैली’ को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ प्रदेश अध्यक्ष ने झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा और उनकी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
संजय सरावगी ने कहा कि 25 कारों की यह रैली प्रधानमंत्री के सेवा के 25 वर्षों का प्रतीक है। प्रत्येक कार को एक विशेष नवाचार के रूप में तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं और उनके प्रभाव को प्रदर्शित किया जा रहा है। यह रैली पटना से विभिन्न जिलों से होते हुए प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल उपलब्धियों को बताने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का अभियान है। इसी उद्देश्य से नैशनल इनोवेशन चैलेंज की शुरुआत की गई है। आज पटना तारामंडल में इसके पोर्टल का शुभारंभ किया गया। यह मंच युवाओं को अपनी रचनात्मकता और नवाचार को स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान से जोड़ने का अवसर देगा।
उन्होंने कहा कि विद्यालय-महाविद्यालय के विद्यार्थियों, आईटीआई और पॉलिटेक्निक के छात्रों, युवा प्रोफेशनल्स, स्टार्टअप, युवा उद्यमियों, स्वतंत्र इनोवेटर्स और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को इस चैलेंज में भाग लेने का अवसर मिलेगा। कृषि, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं के विचारों को प्रोत्साहित किया जाएगा। ‘जूनियर’ और ‘ओपन’ श्रेणी के माध्यम से अलग-अलग स्तर की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा का विश्वास है कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने आसपास की समस्याओं को पहचानें, नए समाधान विकसित करें और अपने नवाचार के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में भागीदार बनें। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा और उत्कृष्ट नवाचारों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें आगे बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
इस मौके पर मंत्री श्रेयसी सिंह, नन्दकिशोर राम , सांसद सह सेवा संकल्प अभियान के क्षेत्रीय प्रभारी संजय जायसवाल, प्रदेश महामंत्री सह सेवा संकल्प अभियान प्रमुख नितिन अभिषेक , इस कार्यक्रम संयोजक और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमिता भूषण राठौड़, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू सहित प्रदेश के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त