अदाणी फाउंडेशन की बड़ी पहल, डीएम ने मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट को दिखाई हरी झंडी

 


भागलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। स्थानीय समुदायों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में अदाणी फाउंडेशन की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। भागलपुर की जिलाधिकारी (डीएम) आलंकृता पांडेय ने मंगलवार को अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित एक विशेष मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट के माध्यम से पीरपैंती में निर्माणाधीन पावर प्लांट के आसपास के 30 गांवों में रहने वाले लोगों को प्राथमिक एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारू रूप से सेवा देने के लिए पूरे क्षेत्र में 18 निर्धारित स्टॉपेज प्वाइंट (ठहराव स्थल) बनाए गए हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, मोबाइल हेल्थ यूनिट इन पॉइंट पर पहुंचकर स्थानीय लोगों को सीधे उनके घर के पास स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगी।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके घर के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट के माध्यम से स्थानीय लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाएं भी वितरित की जाएंगी। अदाणी फाउंडेशन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के साथ-साथ समुदाय के स्वास्थ्य एवं कल्याण (वेलनेस) को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा और सराहनीय कदम मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर