पत्रकार वरुण मिश्रा नेपाल के धरान में सम्मानित
सुपौल, 11 अप्रैल (हि.स.)। कोशी प्रदेश, नेपाल के धरान में आयोजित कोशी विहार उत्सव 2082 के पावन अवसर पर सीमा क्षेत्र में सक्रिय समाजसेवी वरुण मिश्रा जी को विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें नेपाल कोशी प्रदेश के सांसद विजय कुमार राई के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया। यह सम्मान सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भारत-नेपाल के अटूट रिश्तों, भाईचारे और सहयोग की भावना का सम्मान है।
जोगबनी क्षेत्र में रहते हुए वरुण मिश्रा जी ने भारत-नेपाल मैत्री संबंध को मजबूत करने के लिए आधा दर्जन से अधिक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया है। चाहे कोरोना काल की कठिन परिस्थितियां हों या बाढ़ जैसी आपदा, उन्होंने हमेशा जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर राहत सामग्री वितरण कर मानवता की मिसाल पेश की है।
गरीब एवं असहाय लोगों के इलाज से लेकर लावारिस शवों के अंतिम संस्कार तक—उनकी सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे कर्मयोगी को मिला यह सम्मान हम सभी के लिए गर्व की बात है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप यूं ही समाज सेवा के पथ पर आगे बढ़ते रहें और भारत-नेपाल की मित्रता को और सुदृढ़ करते रहें। वरुण मिश्रा को सम्मानित करने पर सुपौल जिले के पत्रकार कुमार अमर ( एनयूजे प्रदेश सचिव ),उपेन्द्र चंदन ( एनयूजे जिलाध्यक्ष ) विकाश कुमार ( एनयूजे के कोषाध्यक्ष ) सहित दर्जनों पत्रकारों ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी है। पत्रकारों उनके उत्तम स्वास्थ्य के साथ उनके उज्वल भविष्य की कामना की है।(लेखक गणेश साहा जोगबनी के शिक्षक है )
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र