भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा एवं समन्वय को लेकर एसएसबी एवं एपीएफ नेपाल के मध्य समन्वय बैठक आयोजित
सुपौल, 22 मई (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से भीमनगर में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 45वीं वाहिनी एवं नेपाल की एपीएफ (आर्म्ड पुलिस फोर्स) के अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीमा सुरक्षा, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान सीमा क्षेत्र की वर्तमान सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही सीमा पर होने वाली गतिविधियों, सूचना आदान-प्रदान की प्रक्रिया तथा संयुक्त कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने विशेष रूप से मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी एवं अवैध आवागमन जैसी चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए इनके खिलाफ संयुक्त रणनीति अपनाने पर सहमति जताई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान किया जाएगा ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। सीमा क्षेत्र में संयुक्त गश्त को और अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया। इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहयोग प्रणाली को सुदृढ़ करने पर चर्चा की गई।दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए आपसी विश्वास और सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही भविष्य में भी इस प्रकार की समन्वय बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने पर सहमति बनी।
बैठक में एसएसबी की ओर से कमांडेंट गौरव सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा, सहायक कमांडेंट राहुल कुमार, निरीक्षक हितेश्वरी चौधरी, उपनिरीक्षक अनिल, सहायक उपनिरीक्षक मोहन लाल सहित अन्य बलकर्मी मौजूद रहे। वहीं नेपाल एपीएफ की ओर से एसपी रोशन, एसपी श्याम कुमार कार्की, डीएसपी समशेर कार्की, इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह, ऋषि राम, अनिल कुमार ओली समेत अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र