भारत नेपाल सीमा सील,आवाजाही पर पूरी तरह रोक

 


अररिया 03 मार्च(हि.स.)।

नेपाल में प्रतिनिधि सभा के चुनाव को लेकर भारत नेपाल सीमा को मध्य रात्रि से ही सील कर दिया गया है।भारत नेपाल उच्चाधिकारियों के बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में चुनाव से 72 घंटे पहले बॉर्डर सील करने के निर्णय के तहत मध्य रात्रि से बॉर्डर सील किया गया है।

भारत नेपाल सीमा पर पैदल पेट्रोलिंग के साथ मोबाइल पेट्रोलिंग,इंटेलिजेंस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम बॉर्डर पर काम कर रही है।नेपाल की तरफ जहां नेपाल पुलिस के साथ नेपाल सेना बॉर्डर पर तैनात है।वहीं भारतीय परिक्षेत्र में सुरक्षा एजेंसी एसएसबी मुस्तैदी के साथ सीमा सुरक्षा में लगे हैं।लोगों की आवाजाही को बिल्कुल रोक दिया गया है।नेपाल से न तो किसी को भारत में प्रवेश करने दिया जा रहा है और न ही भारत से नेपाल।जिसके कारण आमलोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।वहीं बॉर्डर सील और सीमा पर सख्ती होने के कारण जोगबनी समेत सीमावर्ती क्षेत्र बाजार पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।

भारत और नेपाल दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्र का बाजार एक दूसरे देश के नागरिकों पर निर्भर है।जहां दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ अन्य वस्तुओं की खरीददारी लोग करते हैं।नेपाल मोरंग जिला पुलिस के डीएसपी एवं प्रवक्ता कोपिला चुड़ाल ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर 5 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा के चुनाव को लेकर बॉर्डर से लेकर सीमावर्ती क्षेत्र के शहरों और गांवों में संवेदनशीलता बरती जा रही है।

बॉर्डर को सील कर दिया गया है।पैदल पेट्रोलिंग के साथ मोबाइल पेट्रोलिंग के माध्यम से सख्ती बरती जा रही है।लोगों की आवाजाही बिल्कुल बंद है।बॉर्डर समेत सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐतिहातन हर तरह की सख्ती अपनाई जा रही है।उन्होंने भारतीय सीमा क्षेत्र से सुरक्षा एजेंसियों के द्वारा हर व्यापक सहयोग मिलने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर