भारतीय भाषा समर कैंप का शुभारंभ

 


भागलपुर, 15 मई (हि.स.)। सभी सरकारी विद्यालयों में सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप का शुभारंभ शुक्रवार से उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। यह समर कैंप राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषाई कौशल, आत्मविश्वास, सांस्कृतिक समझ तथा राष्ट्रीय एकता की भावना का विकास करना है। मध्य विद्यालय जगदीशपुर के प्रधानाध्यापक आशुतोष चंद्र मिश्र ने बताया कि बच्चे इस गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समर कैंप के माध्यम से विद्यार्थी अपनी मातृभाषा के साथ-साथ अन्य भारतीय भाषाओं एवं सांकेतिक भाषा की भी समझ विकसित करेंगे। साथ ही विभिन्न राज्यों की संस्कृति, कला एवं परंपराओं को जानने और सीखने का अवसर प्राप्त करेंगे। समर कैंप के प्रथम दिवस पर शिक्षिका वीणा कुमारी, प्रतिमा मिश्रा तथा वीवी नाहिदा के नेतृत्व में बच्चों ने विभिन्न क्षेत्रों में अभिवादन करने के तरीकों की जानकारी प्राप्त की तथा उससे संबंधित गतिविधियों में भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर