किशनगंज में सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, सड़क पर कचड़ा फेंक जताया विरोध
किशनगंज, 05 अगस्त (हि.स.)। वेतन वृद्धि, स्थायी नौकरी समेत विभिन्न मांगों को लेकर नगर परिषद कर्मचारी संघ के बैनर तले नगर परिषद किशनगंज के सफाईकर्मी बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के पहले दिन कर्मचारियों ने शहर के डेमार्केट रोड पर कचड़ा फेंककर नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। सड़क पर कचड़े का ढेर लग जाने से कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित हुआ और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद सभी सफाईकर्मी नगर परिषद कार्यालय पहुंचे, जहां मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। कर्मचारियों ने कार्यपालक पदाधिकारी के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें वेतन वृद्धि, सेवा का स्थायीकरण तथा अन्य लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की गई है। सफाईकर्मियों का कहना है कि वे वर्षों से नगर परिषद में कार्यरत हैं, लेकिन अब तक उन्हें स्थायी नौकरी का लाभ नहीं मिला है। साथ ही वर्तमान वेतन महंगाई के अनुरूप नहीं है, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना कठिन होता जा रहा है। उनका कहना है कि सम्मानजनक वेतन और सेवा सुरक्षा प्रत्येक कर्मचारी का अधिकार है।
ज्ञापन में बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन, पटना एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि तीन अगस्त से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की गई है। कर्मचारियों का आरोप है कि हड़ताल की पूर्व सूचना नगर परिषद प्रशासन को दे दी गई थी, ताकि बातचीत के जरिए समाधान निकाला जा सके, लेकिन प्रशासन ने प्रतिनिधियों से वार्ता करना भी जरूरी नहीं समझा।हड़ताल का असर शहर की सफाई व्यवस्था पर भी दिखने लगा है। कई इलाकों में कचरा उठाव प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह