अब तकनीकी परीक्षा पास करने पर ही मिलेगी थानेदारी

 


किशनगंज, 22 नवंबर (हि.स.)। जिले में अब थानेदार बनने के लिए केवल अनुभव और वरीयता पर्याप्त नहीं होगी। थाने की कमान संभालने से पहले पुलिस अधिकारियों को तकनीकी पात्रता परीक्षा पास करनी होगी।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने जिले में एसआई और इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों के लिए एसएचओ टेक्निकल एलिजिबिलिटी टेस्ट (एसएचओ-टीईटी) अनिवार्य कर दिया है। परीक्षा में सफल होने वाले अधिकारियों को ही थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य पुलिसिंग व्यवस्था को आधुनिक तकनीक के अनुरूप अधिक प्रभावी बनाना है।

नई व्यवस्था के तहत थानाध्यक्ष बनने के इच्छुक अधिकारियों की तकनीकी समझ और दक्षता का आकलन किया जाएगा। वर्तमान समय में अपराध अनुसंधान में मोबाइल फोन, सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्य और ऑनलाइन गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों के लिए तकनीकी साक्ष्यों को जुटाने, उनका विश्लेषण करने और उनके आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की जानकारी आवश्यक है।

परीक्षा के माध्यम से इन्हीं क्षमताओं की परख की जाएगी। एसपी ने जिले के सभी थानाध्यक्षों, अंचल पुलिस निरीक्षकों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को विभागीय बैठकों एवं कांडों की समीक्षा पीपीटी के माध्यम से करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को अपने क्षेत्र में अपराध की स्थिति, दर्ज मामलों, लंबित अनुसंधान और पुलिस कार्रवाई का आंकड़ों सहित ब्योरा प्रस्तुत करना होगा। इसके साथ ही लंबित कांडों, अनुसंधानकर्ताओं के पास अटके मामलों और फरार अभियुक्तों की सूची नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा गया है।

अपराध समीक्षा प्रतिवेदन और दैनिक प्रतिवेदन भी समय पर तैयार करना अनिवार्य होगा। एसपी ने थानों में गुंडा पंजी, मालखाना प्रबंधन और महिला हेल्प डेस्क पंजी को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया है। ई-साक्ष्य एप के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया है, ताकि डिजिटल साक्ष्यों के संकलन और प्रबंधन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। एसपी संतोष कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अनुशासन, जवाबदेही और आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है। पुलिस की इस पहल से थानों के कामकाज में पारदर्शिता, अनुसंधान की गुणवत्ता और अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह