कटिहार में पोषण मेले का भव्य शुभारंभ, डीएम ने स्वास्थ्य व पोषण सुधार के लिए मिशन मोड में जुटने का दिया निर्देश

 


कटिहार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में जन-स्वास्थ्य और पोषण के स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पोषण मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी तथा कटिहार सदर की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जिले में कुपोषण के खात्मे और स्वास्थ्य मानकों में सुधार के लिए सभी विभागों को मिशन मोड में काम करने का कड़ा निर्देश दिया।

पोषण मेले में समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस), स्वास्थ्य विभाग, जीविका तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा विशेष स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के जरिए मेले में पहुंचे लोगों, विशेषकर महिलाओं और किशोरियों को संतुलित खानपान, स्वच्छता, मातृत्व देखभाल और पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया गया।

समारोह के दौरान विभागीय योजनाओं के तहत लाभुकों को बेबी किट, स्कूल बैग, कॉमिक बुक्स तथा आभार पत्र वितरित किए गए। बच्चों और धात्री माताओं को पोषण के प्रति जागरूक करने वाली पठनीय व उपयोगी सामग्री का भी वितरण हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में अपेक्षित परिणाम हासिल करने के लिए विभागों के बीच आपसी समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को अंतर-विभागीय तालमेल बिठाकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने जमीनी स्तर पर सेवा दे रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों पर उत्कृष्ट व समर्पित कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह