जमालपुर लोको शेड द्वारा इन-हाउस कंप्रेसर यूनिट का विकास
भागलपुर, 24 मार्च (हि.स.)। सतत विकास, नवाचार तथा प्रभावी स्क्रैप प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के अंतर्गत जमालपुर लोको शेड ने स्क्रैप टू आर्ट पहल के तहत निष्प्रयोज्य (कंडेम्ड) लोकोमोटिव के अवशेष पुर्जों का उपयोग कर पूर्णतः इन-हाउस सुविधाओं से एक कंप्रेसर यूनिट का सफलतापूर्वक विकास किया है।
यह परियोजना मंडल रेल प्रबंधक मालदा मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुई तथा इसका उद्घाटन मंगलवार को वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीजल), जमालपुर कृष्ण कुमार दास द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में किया गया। पूर्णतः इन-हाउस प्रयासों से विकसित यह पहल मंडल की नवाचार, लागत दक्षता एवं उपलब्ध संसाधनों के सर्वोत्तम उपयोग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। नव विकसित कंप्रेसर यूनिट तत्काल 10 किग्रा/सेमी² तक संपीड़ित वायु उत्पन्न करने में सक्षम है, जिससे निर्बाध एवं विश्वसनीय संचालन सुनिश्चित होता है।
पूर्व में संपीड़ित वायु आपूर्ति हेतु डीजल लोकोमोटिव पर निर्भरता के कारण अधिक ईंधन खपत एवं परिचालन में विलंब होता था। यह इन-हाउस प्रणाली अब डीजल एवं विद्युत ऊर्जा की उल्लेखनीय बचत करती है, जनशक्ति की आवश्यकता को कम करती है तथा अनावश्यक शंटिंग कार्यों को समाप्त करती है। साथ ही, यह हाइड्रोलिक टॉर्क रिंच संचालन, ग्राइंडिंग तथा पुर्जों की सफाई जैसे अनुरक्षण कार्यों में दक्षता एवं टर्नअराउंड समय को भी बेहतर बनाती है। उल्लेखनीय है कि यह पहल भारतीय रेल की वेस्ट टू वेल्थ” की अवधारणा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जो सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा संसाधनों के इष्टतम उपयोग को बढ़ावा देती है। इस प्रकार के नवाचार परिचालन दक्षता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ हरित एवं लागत प्रभावी रेलवे संचालन के राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर