इंडो-नेपाल सीमा पर 110 लीटर चुलाई शराब बरामद, तस्कर फरार
बेतिया, 17 अक्टूबर (हि.स.)।
पश्चिम चम्पारण पुरुषोत्तमपुर पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरुषोत्तमपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात इंडो-नेपाल सीमा के त्रिवेणी केनाल नहर के पास छापेमारी कर 110 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान अज्ञात शराब कारोबारी अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर फरार हो गए।
थानाध्यक्ष कमलेश भगत ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से भारी मात्रा में शराब भारत लाई जाने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस बल ने छापेमारी की। इस दौरान बोरे में रखे 11 प्लास्टिक पैकेटों से कुल 110 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई। पुलिस की लाइट और जवानों को देखकर कारोबारी शराब छोड़कर नहर पार करते हुए नेपाल की ओर भाग निकले।
थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार शराब कारोबारियों की पहचान करने में पुलिस जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक