छपरा में प्रशांत किशोर ने कहा बांकीपुर उपचुनाव में पूरी ताकत से उतरेगी जन सुराज

 


सारण, 02 जून (हि.स.)। जन सुराज के मुख्य रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने जिला कार्यकारिणी की पहली बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए सरकार पर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी सिलसिले में छपरा जिला और राज्य के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में संगठन की मजबूती, साथियों की जिम्मेदारी और अब तक के कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रशांत किशोर ने सरकार को घेरते हुए कहा कि चुनाव के समय जनता से 10,000 रुपये देने, 2 लाख रुपये का लाभ पहुंचाने और 1 करोड़ नौकरी जैसे बड़े-बड़े वादे किए गए थे। लेकिन आज सरकार रोजगार और विकास जैसे बुनियादी मुद्दों को छोड़कर लाल-हरा गमछा की राजनीति कर रही है। जाति-धर्म पूछकर गोली चलाने जैसी बातें कर समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पर उन्होंने दावा किया कि पिछले 40 वर्षों से राजद, कांग्रेस और महागठबंधन वहां भाजपा को हराने में नाकाम रहे हैं। जनता अब समझ चुकी है कि वहां भाजपा को सिर्फ जन सुराज ही हरा सकता है। पार्टी इस चुनाव को पूरी ताकत से लड़ेगी।

वहीं राबड़ी देवी के बंगला विवाद और मुख्यमंत्री आवास के विस्तार पर प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के सबसे अमीर राज्यों में से एक, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का बंगला महज 10 कट्ठे में है। इसके विपरीत, सबसे गरीब राज्य बिहार के मुख्यमंत्री का आवास 8 एकड़ एक अणे मार्ग में फैले होने के बाद भी छोटा पड़ रहा है, जिसमें उपमुख्यमंत्री का देशरत्न मार्ग वाला बंगला भी मिला दिया गया। दूसरों को हटाने से पहले सीएम को खुद इस पर जवाब देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार