इमरान प्रतापगढ़ी फारबिसगंज में आवाज़-ए-सीमांचल राष्ट्रीय मुशायरा में होंगे शामिल, तैयारी शुरू

 




अररिया, 07 अक्टूबर(हि.स.)। सीमांचल अधिकार मंच की ओर से नवंबर माह में फारबिसगंज में आवाज़-ए-सीमांचल राष्ट्रीय मुशायरा एवं अदबी महफिल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम को लेकर अभी से ही तैयारी शुरू कर दी गई है। कार्यक्रम में देश के मशहूर शायर एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी समेत राष्ट्रीय स्तर के कई नामचीन शायर शिरकत करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जुम्मन चौक स्थित वाहिद अंसारी के आवास पर मंच के सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में कहा गया कि सीमांचल सिर्फ एक इलाका नहीं, बल्कि मोहब्बत, तहजीब, अदब और साझा विरासत की पहचान है। आवाज़-ए-सीमांचल के माध्यम से इसी सांस्कृतिक विरासत को एक बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।आयोजकों ने बताया कि नवंबर में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर