राजद की अहम बैठक संपन्न, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

 


भागलपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के हुसैनपुर रेलवे गेट नंबर-6 के पास स्थित गोलकोठी शादी मंडप में गुरुवार को महानगर राष्ट्रीय जनता दल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष मो० शाहबुद्दीन ने की, जबकि मंच संचालन राजद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश यादव द्वारा किया गया।

बैठक के दौरान मुख्य रूप से कोशी स्नातक क्षेत्र से राजद प्रत्याशी नितेश कुमार यादव को भारी मतों से विजयी बनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया और कार्यकर्ताओं से इसके लिए एकजुट होने की अपील की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश का संविधान खतरे में है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची से वैध वोट काटकर और फर्जी मतदाता बनाकर देश के साथ-साथ पांच राज्यों में जबरन भाजपा गठबंधन की सरकार बनाई गई है।

उन्होंने आगे कहा कि इस तानाशाही के खिलाफ पूरे देश के युवा और छात्र दिल्ली में आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह चुप बैठे हैं। आंदोलनकारियों की आवाज दबाने के लिए उन पर लाठियां चलाई जा रही हैं और उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

जयप्रकाश नारायण यादव ने देश की आर्थिक और प्रशासनिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश में महंगाई, भ्रष्टाचार और घोटाला चरम पर पहुंच चुका है। भागलपुर समेत दर्जनों जिलों में शिक्षा घोटाला उजागर हुआ है। डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस और खाद्य पदार्थों की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। स्थिति यह है कि जिले, प्रखंड और पंचायत स्तर की विकास योजनाओं में खुलेआम लूट मची है और बिना रिश्वत के कोई भी काम नहीं हो रहा है।

बैठक के अंत में वैशाली के राघोपुर में हुई दर्जनों लोगों की दुखद मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

बैठक में कई प्रमुख नेताओं ने अपने विचार रखे, जिनमें मुख्य रूप से डॉक्टर चक्रपाणि हिमांशु (पूर्व अध्यक्ष, बाल श्रमिक आयोग) नितेश कुमार (राजद प्रत्याशी, कोशी स्नातक क्षेत्र), मो जेड हसन (पूर्व प्रत्याशी, नाथनगर), डॉ चन्द्रशेखर यादव, डॉ तिरुपति नाथ सरवर इमाम, शिशुपाल भारती, मो उस्मान, विश्वजीत कुशवाहा आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर