विक्रमशिला सेतु बंद होने का असर, फल, सब्जी और दूध के कारोबार पर संकट
भागलपुर, 04 मई (हि.स.)। भागलपुर का लाइफलाइन माने जाने वाला विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद अब इसका सीधा असर आम जनजीवन के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी दिखने लगा है। खासकर फल, हरी सब्जी और दूध के कारोबार पर इसका गहरा प्रभाव पड़ रहा है।
दरअसल रोजाना ग्रामीण इलाकों से किसान अपना उत्पाद लेकर साइकिल और मोटरसाइकिल के जरिए करीब 30 किलोमीटर का सफर तय कर भागलपुर शहर पहुंचते थे और अपने उत्पाद बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे लेकिन पुल बंद होने के बाद अब उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई किसान अब मजबूरी में निजी नाव का सहारा लेकर गंगा पार कर रहे हैं जिससे जोखिम भी बढ़ गया है। वहीं मालवाहक गाड़ियों को अब लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है। जिससे समय के साथ-साथ परिवहन लागत भी बढ़ गई है। इसका असर सीधे तौर पर बाजार में कीमतों पर भी पड़ सकता है।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार माइकिंग कर लोगों को वैकल्पिक रास्तों की जानकारी दी जा रही है और विक्रमशिला सेतु की ओर न जाने की अपील की जा रही है। कुल मिलाकर पुल के बंद होने से न सिर्फ यातायात प्रभावित हुआ है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी इसका व्यापक असर देखने को मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर