पटना के छात्र आंदोलन का असर, किशनगंज में हाई अलर्ट

 


किशनगंज, 23 जुलाई (हि.स.)। बिहार के विभिन्न जिलों, विशेषकर राजधानी पटना में चल रहे छात्र आंदोलन और प्रदर्शनों के मद्देनजर किशनगंज जिला प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं। किसी भी संभावित विरोध-प्रदर्शन या कानून-व्यवस्था की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिले के प्रमुख सरकारी कार्यालयों, संवेदनशील स्थलों और प्रशासनिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को किशनगंज समाहरणालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।

समाहरणालय के मुख्य प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ परिसर के भीतर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को भी सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों और जवानों को लगातार सतर्क रहने तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि राज्य के अन्य जिलों में चल रहे छात्र आंदोलन को देखते हुए एहतियात के तौर पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किशनगंज में स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए प्रशासन पहले से पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समाहरणालय सहित अन्य महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त तेज कर दी गई है और सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति कानून-व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें तथा सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से मिलने वाली किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें।

जिला प्रशासन का कहना है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था हर हाल में कायम रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह