भागलपुर में चक्रवात का असर, 25 किमी की रफ्तार से चलीं हवाएं, गिरा तापमान
भागलपुर, 23 सितंबर (हि.स.)।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात का असर सिल्क सिटी भागलपुर और आसपास के इलाकों में साफ देखने को मिल रहा है।
इसके प्रभाव से बुधवार तड़के सुबह से ही जिले में 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। पुरवा हवा के झोंकों ने पिछले कुछ दिनों से उमस झेल रहे लोगों को बड़ी राहत दी है।मौसम में आए इस अचानक बदलाव के कारण आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं।
बुधवार सुबह से ही धूप का असर काफी कम रहा, जिससे सुबह 11 बजे तक ही तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दोपहर के समय भागलपुर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जो सामान्य से कम है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, चक्रवाती सिस्टम के सक्रिय रहने के कारण अगले 24 से 48 घंटों तक जिले में इसी तरह तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी की भी संभावना जताई गई है। तापमान में आई इस कमी से त्योहारों के इस मौसम में आम जनजीवन को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर