बिहार में मूसलाधार बारिश को लेकर तत्कालीन अलर्ट

 


पटना, 15 जुलाई (हि.स.)। बिहार में मौसम विभाग ने कई जिलों में अगले तीन घंटे में मूसलाधार बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। राज्य में बीते एक सप्ताह से मानसून सक्रिय है।

बुधवार को मौसम विभाग ने राज्य के आधे हिस्से में आंधी-पानी को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है।

जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन घंटे में दरभंगा, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, समस्तीपुर और सीतामढ़ी में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

आईएमडी के अनुसार 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, वज्रपात के साथ भारी बारिश होगी। खेत में काम करने वाले किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

दूसरी ओर मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट है तो वहीं अररिया और किशनगंज में मूसलाधार बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने अररिया और किशनगंज में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50-60 किमी की रफ्तार से आंधी, मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है।

पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, वैशाली, सारण, सीवान और गोपालगंज में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में आंधी-तूफान के साथ वज्रपात की संभावना है। हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने राज्य में 18 जुलाई तक कई जिलों में आंधी-पानी को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। 16 जुलाई को अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार, 17 जुलाई को मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और 18 जुलाई को सुपौल, अररिया और किशनगंज में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही राज्य के आधे से ज्यादा हिस्सों में मौसम खराब रहने को लेकर येलो अलर्ट है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी