स्नातक चुनाव में चौंकाने वाले परिणाम का डॉ इमामुल हक ने किया दावा
दरभंगा, 24 अक्टूबर (हि.स.)।
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार डॉ मो. इमामुल हक ने चुनाव में चौंकाने वाले परिणाम आने का दावा किया है। शनिवार को पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि चारों जिलों के बूथों से मिले फीडबैक के अनुसार, उन्हें व्यापक जनसमर्थन मिला है। उन्होंने इसे शिक्षित मतदाताओं के विश्वास का परिणाम बताया।
डॉ हक ने दावा किया कि बूथ संख्या 1 से 102 तक की रिपोर्ट उत्साहजनक है। उनके अनुसार, स्नातक मतदाताओं ने धनबल और बाहुबल के बजाय संघर्षशील उम्मीदवार को प्राथमिकता दी है। उन्होंने प्रत्येक बूथ और प्रखंड में प्रथम वरीयता के वोट मिलने का भी दावा किया। चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
उन्होंने कहा कि पिता मो असरारुल हक उर्फ लाडले साहब के आदर्शों और संघर्ष से प्रेरित होकर उन्होंने राजनीति में कदम रखा। छात्र-युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लिए काम करना उनकी प्राथमिकता रही है। इस अवसर पर उनके पिता मो. असरारुल हक ने समर्थन देने वाले विभिन्न समाजों के मतदाताओं के प्रति आभार जताया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भरत यादव, अकील अहमद, मोआज अंसारी, महेश चोपाल, मोहम्मद आजम, डॉ. शंकर पासवान, संजीव कुमार यादव, जितेंद्र कुमार यादव, मोहम्मद कलामुद्दीन, तौफीक रजा, नफीस इकबाल, कन्हैया यादव और ई. मो. इनामुल हक रेहान सहित कई समर्थक मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra