आईएमए ने प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सुशील चंद्र तरफदार को शोक सभा आयोजित कर दी श्रद्धांजलि

 


अररिया 25 अगस्त(हि.स.)। जोगबनी के प्रसिद्ध एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुशील चंद्र तरफदार के निधन पर मंगलवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन फारबिसगंज शाखा की ओर से एएनएम कॉलेज परिसर में शोक सभा का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर चिकित्सा जगत से जुड़े चिकित्सकों और अन्य लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित की।

शोक सभा में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. सुशील चंद्र तरफदार न केवल एक कुशल चिकित्सक थे, बल्कि अपने मानवीय व्यवहार, सेवा भावना और मरीजों के प्रति समर्पण के लिए भी सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने वर्षों तक समाज की निस्वार्थ सेवा कर चिकित्सा क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। उनका निधन चिकित्सा जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

इस मौके पर आईएमए के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय चिकित्सक, गणमान्य नागरिक एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत चिकित्सक के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर