चावल मिल से अवैध चावल बरामद, एसडीएम ने कराया एफआईआर
भागलपुर, 29 मार्च (हि.स.)। जिले के कहलगांव अनुमंडल क्षेत्र के कैरिया पंचायत स्थित जंगलगोपाली रेलवे क्रॉसिंग के पास संचालित चावल मिल से एसडीएमआईएएस कृष्ण कुमार गुप्ता अवैध चावल को बरामद किया है। इसके बाद इलाके में चल रहे अवैध चावल मिल और गोदाम संचालकों में हड़कंप मच गया है।
उल्लेखनीय है कि करीब 3 वर्षों से मां सुशीला राईस मिल में अवैध कारोबार होने की सूचना मिल रही थी लेकिन चावल मिल के मालिक रंजीत मंडल दबंग है। साथ-साथ इन्हें सफेद पोशों का संरक्षण मिला हुआ था। इस कारण कोई भी अधिकारी कार्रवाई नहीं कर पा रहे थे। लेकिन जैसे ही अनुमंडल अधिकारी बदले गए और नए अनुमंडल अधिकारी आईएएस ऑफिसर कृष्ण कुमार गुप्ता ने पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद पुनः स्थानीय लोगों ने इस मिल में चल रहे अवैध कारोबार की सूचना अनुमंडल अधिकारी तक पहुंचाई।
अनुमंडल अधिकारी ने जांच के उपरांत शनिवार देर शाम छापेमारी करने के लिए मां सुशीला चावल मिल पहुंचे। मौके से भारी मात्रा में एफआर चावल को प्रशासन ने बरामद किया। बताया जा रहा है कि पीडीएस दुकानदारों को आवंटित चावल को छोटे-छोटे व्यापारियों द्वारा डीलरों से खरीदकर अवैध रूप से झारखंड के हनवारा थाना क्षेत्र के नरैनी और भागलपुर जिले के पीरपैंती, बाराहाट, सन्हौला में जमा किया जाता है, जहां से इस चावल को कालीरात को बिना नंबर के मिनि ट्रक 407, ट्रक और पीकप के माध्यम से क्षेत्र में संचालित राइस मिलों में पहुंचाया जाता है। वहां राइस मिल के मालिक री-पैकिंग कर दोबारा एफसीआई गोदामों में भेजा जा रहा था। इस पूरे खेल में प्रशासन और पुलिस भी मदद करता है। इसकी भनक एसडीएम कृष्ण कुमार गुप्ता को लगी। इसके बाद सूचना का सत्यापन कर मिल में छापेमारी की है।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि विभिन्न पीडीएस दुकानदारों से एकत्रित चावल को छोटे व्यापारियों के माध्यम से पिकअप और ट्रकों से मिल तक लाया जाता था और यहां राईस मिल संचालक द्वारा चावल की री-पैकिंग कर उसे फिर से एफसीआई में भेज दिया जाता था। बताया जा रहा है कि इस प्रक्रिया से राइस मिल संचालकों को चावल तैयार करने में लगने वाले श्रम और भंडारण खर्च की अधिक बचत होती थी। एसडीएम कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि छापेमारी के दौरान स्टॉक पंजी एवं संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई, जिसमें राइस मिल में एफआर के चावल अवैध रूप से मिला है। इस मामले में एफआइर दर्ज किया गया है और आज जप्त कागज के अलावा अन्य जांच पड़ताल की जा रही है। इसके बाद एक और एफआइर होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर