पुलिस की कार्रवाई में 55 लीटर देशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 

कटिहार, 01 मई (हि.स.)। जिले के कुर्सेला थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक टेम्पो से 55 लीटर देशी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

कुर्सेला थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि एक टेम्पो से अवैध शराब की खेप हवाई अड्डा चौक की ओर लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के लिए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हवाई अड्डा चौक के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक टेम्पो पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपपि तो की पहचान नीतीश कुमार मंडल पिता महेंद्र मंडल, निवासी मेहर टोला, थाना कुर्सेला और परितोष पासवान पिता गणेश पासवान, निवासी श्रीकामत चोचला, थाना फलका, जिला कटिहार के रूप में हुई है।

पुलिस ने टेम्पो की विधिवत तलाशी ली तो उसमें से कुल 55 लीटर देशी शराब बरामद हुई। शराब तस्करी में प्रयुक्त टेम्पो को भी जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कांड दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और कहां सप्लाई की जानी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह