एसडीएम ने सड़क पर उतरकर दुकानदारों से किया संवाद

 


सुपौल, 02 अगस्त (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड के सिमराही बाजार में लंबे समय से बनी जाम और अतिक्रमण की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने इस बार नई रणनीति अपनाई है।

केवल नोटिस जारी करने या कार्रवाई करने के बजाय अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार स्वयं सड़क पर उतरे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बाजार का पैदल निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानदारों, फुटकर विक्रेताओं और वाहन चालकों से सीधे बातचीत कर सड़क और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित लोग 10 अगस्त तक स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें।

निर्धारित अवधि के बाद प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन का मानना है कि इस पहल से बाजार क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ कम होगी, यातायात व्यवस्था सुचारु बनेगी और आम लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।श्रावण मास के दौरान कांवरियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था भी की है। 30 जुलाई से 10 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह और शाम के व्यस्त समय में मजिस्ट्रेट तथा पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्हें अतिक्रमण हटाने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने, नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अभियान के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार यादव, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, नगर पंचायत की उप मुख्य पार्षद विनीता देवी, वार्ड पार्षद गोपीकांत झा, गणेश दास, मो. हैयुम, मो. नसीम, बबलू सादा सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद प्रतिनिधि, पंचायतों के मुखिया और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र