अवैध हथियार के साथ वीडियो वायरल, कटिहार पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार

 

कटिहार, 12 जून (हि.स.)। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में कटिहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हथियारों सहित गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों के पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, कटिहार-02 के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम (एसआईटी ) का गठन किया गया था। गठित टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण कुमार (पिता- पंकज राम), सोनू कुमार यादव (पिता- रामोतार यादव) और अंशु कुमार (पिता- विवेकानंद यादव) के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी कुर्सेला बस्ती, थाना कुर्सेला, जिला कटिहार के ही निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

ज्ञात हो कि 11 जून को कुर्सेला थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने सहयोगियों के साथ अवैध हथियार लहराते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर रहा है। इसके बाद घटना के संबंध में कुर्सेला थाना में कांड संख्या–229/26 दर्ज किया गया था। फिलहाल पुलिस द्वारा इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह