चांदनी चौक से अवैध रूप से चल रहे टेम्पू स्टैंड हटाने की मांग
अररिया 21 सितम्बर(हि.स.)। अररिया शहर में इन दिनों जिला प्रशासन के आदेश से नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। काली मंदिर चौक से सदर अस्पताल तक जाम से आम लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था तथा इमरजेंसी में एम्बुलेंस को भी जाने में काफी कठिनाई होती थी।फलस्वरूप डीएम और एसपी के निर्देश पर नप प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
इधर जाम के रूप में चांदनी चौक स्थित अवैध टैम्पू स्टैंड हटाने की दिशा में नगर परिषद प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं किये जाने पर सवाल खड़ा होने लगा है।स्थानीय लोगों ने चांदनी चौक स्थित अवैध टैम्पू स्टैंड को हटाने की मांग की है।साथ ही सड़क के किनारे बेतरतीब खड़ी वाहनों के कारण लगने वाले जाम को लेकर भी कार्रवाई की मांग जिला और नगर परिषद प्रशासन से की है।स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि छोटे छोटे दुकानदारों के साथ पक्के मकान में चल रहे दुकानदारों के बैनर छतरी तक उतार दिया गया।परन्तु जिससे जाम लगता है उस बिंदु पर प्रशासन की नजर नहीं है।
चांदनी चौक पर चारों ओर चौक पर पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं।बावजूद इसके कुछ लोगों के द्वारा अवैध रूप से रुपैया उगाही करने के लिए टैंपू स्टैंड बना दिया गया है।जिस पर नगर परिषद प्रशासन ने किसी तरह की कार्रवाई नहीं की है।जबकि चांदनी चौक पर जाम लगने का प्रमुख कारण अवैध रूप से टेम्पू स्टैंड के साथ बेतरतीब सड़क के किनारे खड़े होने वाले वाहन हैं।
स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने जिला प्रशासन सेआग्रह किया है कि सबसे पहले चांदनी चौक पर से अवैध रूप से चल रहे हैं टेम्पू स्टैंड को हटाया जाए,जिससे कि जाम की समस्या खत्म हो।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर