अवैध रूप से गोल पोस्ट और फेंसिंग हटाने से आक्रोश

 


भागलपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड खेल मैदान पर फुटबॉल और एथलेटिक्स गतिविधियों को बाधित करने और प्रशासनिक सहयोग से मैदान पर जबरन कब्जा किए जाने के खिलाफ खिलाड़ियों और खेल संघों का गुस्सा फूट पड़ा है।

रविवार को भागलपुर फुटबॉल एवं एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नन्दलाल राय की अध्यक्षता में सभी खेलों के सचिवों एवं सम्मानित सदस्यों की एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन द्वारा मैदान से फुटबॉल का गोल पोस्ट और फेंसिंग की जाली को अवैध रूप से हटाए जाने की कड़ी निंदा की गई और सर्वसम्मति से इसके खिलाफ पटना उच्च न्यायालय जाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जिला पदाधिकारी भागलपुर द्वारा कुछ विशेष हितों के लिए मैदान के साथ छेड़छाड़ की गई है, जो कि उच्च न्यायालय पटना द्वारा जारी CWJC 600/2021 के आदेश के बिल्कुल विपरीत है। न्यायालय के आदेश से इतर जाकर की गई इस तोड़फोड़ और प्रशासनिक कार्रवाई से क्षुब्ध होकर सभी सदस्यों ने एकमत से अदालत की अवमानना का मामला दायर करने का फैसला लिया है।

खिलाड़ियों ने साफ किया कि यदि जल्द ही न्याय नहीं मिला, तो सभी खेल संघ और खिलाड़ी मैदान बचाने के लिए सामूहिक धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा कि यह मैदान मूल रूप से फुटबॉल एवं एथलेटिक्स का ही है। लोक सूचना पदाधिकारी सह वरीय उप समाहर्ता द्वारा पत्रांक-1193 दिनांक 30.06.2000 के माध्यम से इसे आधिकारिक रूप से स्वीकार किया गया है। इसके अलावा, एसोसिएशन के खाता संख्या 11016485442 में हर महीने 725 रुपये की किराये की राशि भी जमा होती आ रही है, जो मैदान पर उनकी वैध दावेदारी को साबित करता है। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी भागलपुर द्वारा 06/08/2026 को जारी पत्रांक F/691/BSCL/627 के अनुलग्नक (प्रोसीडिंग) में, जिलाधिकारी के ज्ञापन 1307 दिनांक 07/05/2026 में कहीं भी यह उल्लेख नहीं है कि सैंडीश कंपाउंड स्टेडियम का मैदान सिर्फ क्रिकेट के लिए है। इसके बावजूद भागलपुर क्रिकेट एसोसिएशन प्रशासनिक सहयोग का गलत फायदा उठाकर फुटबॉल और एथलेटिक्स को बाहर करने की कोशिश कर रहा है और ग्राउंड को बंद कर रखा है। संघ ने सवाल उठाया कि जब कागजात फुटबॉल के पक्ष में हैं, तो क्रिकेट एसोसिएशन किस हैसियत से ग्राउंड पर एकाधिकार जता रहा है?

फुटबॉल संघ के कार्यालय सचिव असर आलम (अच्छू) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला एथलीट सचिव नसर आलम, फुटबॉल सचिव फारूक आजम, कार्यकारी सदस्य रणवीर मिश्रा, फुटबॉल उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, पवन फौजी, सादिक हसन, मोहम्मद मुराद, विजय सिंह, प्रमोद कुमार, अनुभव, राजा कुमार, आकाश कुमार, स्नेहा मरांडी, सौरभ कुमार, मोहम्मद गुर्रेज, फैसल खान, मनोज मंडल और अमरजीत कुमार सहित कई खेलों के पदाधिकारी व खिलाड़ी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर