अवैध रेलवे टिकटिंग में संलिप्त दो व्यक्तियों की गिरफ़्तारी

 




भागलपुर, 10 मई (हि.स.)। ऑपरेशन उपलब्ध के तहत, जो अवैध रेलवे टिकटिंग पर रोक लगाने तथा वास्तविक यात्रियों को आरक्षित टिकटों की निष्पक्ष उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा एक राष्ट्रव्यापी अभियान है।

रेलवे सुरक्षा बल मालदा मंडल द्वारा रेलवे आरक्षण केंद्रों एवं परिसर में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यह कार्रवाई मनीष कुमार गुप्ता मंडल रेल प्रबंधक मालदा के मार्गदर्शन तथा असीम कुमार कुल्लू मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ मालदा के पर्यवेक्षण में की जा रही है।

उक्त आशय की जानकारी रविवार को मालदा मंडल के पीआरओ ने दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के क्रम में आरपीएफ और सीआईबी मालदा की एक विशेष टीम द्वारा बीते शनिवार को ऑपरेशन उपलब्ध के तहत झारखंड राज्य के गोड्डा जिले स्थित सैटेलाइट आरक्षण कार्यालय महागामा में छापेमारी की गई।

इस दौरान गोड्डा जिले के दो व्यक्तियों को आरक्षित रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-फरोख्त एवं प्रीमियम दरों पर बिक्री में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। उक्त दोनों व्यक्ति आरक्षण काउंटर के पास अनधिकृत रूप से टिकटिंग गतिविधियों में संलिप्त थे। अभियान के दौरान उनके कब्जे से लाइव रेलवे आरक्षण टिकट, मोबाइल फोन, यात्रियों से संबंधित दस्तावेज एवं अवैध टिकटिंग गतिविधियों से जुड़े अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद एवं जब्त की गई। बरामद किए गए रेलवे आरक्षण टिकटों का कुल मूल्य लगभग 75,705 रुपया पाया गया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों द्वारा टिकटों के वैध स्वामित्व से संबंधित कोई भी प्राधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया तथा उन्होंने अवैध टिकटिंग गतिविधियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। दोनों आरोपियों को रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया तथा आगे की विधिक कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कहलगांव में मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर