किशोरी के रेस्क्यू के दौरान अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

 

सीवान, 23 जून (हि.स.)।मुफस्सिल थाना पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी के रेस्क्यू अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों से जुड़े एक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

मुफस्सिल थाना पुलिस के अनुसार पचरुखी थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। किशोरी अपने मामा के घर रह रही थी और किसी बात को लेकर नाराज होकर वहां से चली गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घर छोड़ने के बाद किशोरी की मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने उसे बेहतर जगह रखने का झांसा दिया। बाद में उसका संपर्क एक महिला से कराया गया, जिसने उसे अपनी बहन के घर भेज दिया। वहां पहुंचने के बाद किशोरी को गतिविधियां संदिग्ध लगीं और उसने इंस्टाग्राम के माध्यम से अपने पिता को अपनी स्थिति की जानकारी दी।

परिजनों की सूचना पर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी सहायता से जांच शुरू की। किशोरी के मोबाइल में सिम कार्ड नहीं होने के बावजूद इंस्टाग्राम के जरिए मिले संकेतों और लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम नई किला नवलपुर पहुंची और उसे सकुशल बरामद कर लिया।

रेस्क्यू के बाद किशोरी के बयान और निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।

इस दौरान तीन महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का आरोप है कि ये लोग युवतियों और महिलाओं को अवैध गतिविधियों में धकेलने का काम करते थे।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि किशोरी के रेस्क्यू अभियान के दौरान अवैध कारोबार से जुड़े कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma